सिम्स के डॉक्टरों ने बचाई जान: दूसरी मंजिल से गिरे मिस्त्री के शरीर के आर-पार हुई 4 फीट लंबी सरिया, सफल ऑपरेशन …

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के डॉक्टरों ने एक अत्यंत दुर्लभ और जानलेवा मामले में सूझबूझ का परिचय देते हुए 23 वर्षीय युवक की जान बचा ली है। कोरबा जिले के दीपका कॉलोनी में काम करने वाला मिस्त्री मुकेश कुमार (23) दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया और नीचे पहली मंजिल पर लगी लोहे की सरिया पर जा गिरा। लगभग 4 फीट लंबी यह सरिया उसके मलद्वार के पास से शरीर में घुसकर पेट और छाती को चीरते हुए बाहर निकल गई थी।

परिजन सरिया को काटकर उसे तत्काल दीपका अस्पताल ले गए, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स, बिलासपुर रेफर कर दिया गया। सिम्स पहुंचते ही डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। यह बेहद संवेदनशील स्थिति थी, क्योंकि सरिया आंतों के बीच से गुजरी थी और थोड़ी सी भी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी।
सर्जरी विभाग के डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ टीम ने यह जटिल ऑपरेशन किया। इसमें एनेस्थीसिया विभाग की टीम और नर्सिंग स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉक्टरों की सूझबूझ और इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि इतनी लंबी सरिया के शरीर को चीरने के बावजूद मरीज की किडनी, लीवर और प्रमुख रक्तवाहिनियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वे पूरी तरह सुरक्षित रहीं।
फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर है और उसे कड़ी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने पूरी टीम के इस उत्कृष्ट समन्वय, दक्षता और समय पर लिए गए सटीक निर्णय की सराहना की है। यह मामला सिम्स की सामूहिक चिकित्सकीय क्षमता का एक बेहतरीन उदाहरण बन गया है।




