स्वच्छता का राष्ट्रीय नाटक या : बिलासपुर की बदहाली साफ सफाई का ढोंग …

बिलासपुर/ एक तरफ बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छता सर्वेक्षण में दूसरा स्थान (नंबर 2) हासिल करने पर राष्ट्रीय पुरस्कार की बधाइयां दी जा रही हैं, तो दूसरी तरफ शहर की जनता हर दिन धूल, धुएं और बदबू का घूंट पीने को मजबूर है। कागजों और एसी कमरों में ‘स्मार्ट’ बना बिलासपुर जमीनी हकीकत में सिर्फ सफाई के नाम पर बलि का बकरा बनकर रह गया है।
निगम के जिन आला अधिकारियों को इस दूसरे नंबर के तमगे से अपनी पीठ थपथपाने का मौका मिल गया है, शायद उन्हें बिलासपुर की सड़कों पर उठने वाले धूल के गुबार और जगह-जगह लगे कचरे के अंबार दिखाई नहीं दे रहे। सड़कों पर निकलो तो सांस लेना मुहाल है, मानो पूरा शहर धूल की चादर में लिपटा हुआ हो। गली-मोहल्लों की हालत तो और भी बदतर है। झाड़ू लगाने वाले कर्मचारी अपनी मर्जी के मालिक बने बैठे हैं सफाई हफ्तों गायब रहती है, और कई संकरी गलियां तो ऐसी हैं जहां के रहवासियों ने सफाईकर्मी का चेहरा तक नहीं देखा।
ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि सर्वेक्षण की कौन सी ‘जांच’ और ‘जायजा’ टीम बिलासपुर आई थी जिसने बंद आंखों से इस बदहाल शहर को दूसरे नंबर का इनाम दे दिया? क्या स्वच्छता की यह रैंकिंग जनता की बुनियादी सहूलियतों को दरकिनार कर केवल आंकड़ों की बाजीगरी और घूसखोरी का नतीजा है?
निगम के अधिकारी यदि वाकई अपनी सफाई व्यवस्था पर इतरा रहे हैं, तो जरा अपने सरकारी कमरों से उतरकर आम नागरिकों के साथ उन गलियों का दौरा करें। उन्हें अपनी इस ‘नंबर 2’ वाली तथाकथित स्मार्ट स्वच्छता का असली और बदसूरत चेहरा खुद-ब-खुद नजर आ जाएगा। जनता पुरस्कारों के इस ढोंग को नहीं, बल्कि धरातल पर सांस लेने योग्य साफ हवा और वास्तविक सफाई चाहती है!




