
बिलासपुर (छत्तीसगढ़): न्यायधानी की सरकंडा पुलिस ने चोरी के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज 12 घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई राशि का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है।
छत के रास्ते घुसकर की थी चोरी
मामला रामनगर चिंगराजपारा का है, जहाँ प्रार्थी नवीन साहू अपनी डेली नीड्स और चाय की दुकान चलाता है। 20-21 जनवरी की दरम्यानी रात, प्रार्थी दुकान बंद कर घर में सोया था। इस दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुआ और गल्ले में रखे 12,000 रुपये नगद लेकर फरार हो गया। सुबह चोरी का पता चलने पर प्रार्थी ने 22 जनवरी को थाना सरकंडा में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य की टीम ने जांच शुरू की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ले का ही साहिल गंधर्व (19 वर्ष) अचानक मोटी रकम खर्च कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर साहिल को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने छत के रास्ते घुसकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9,100 रुपये बरामद किए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि आरोपी साहिल गंधर्व पहले भी हत्या जैसे गंभीर मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता अप.क्र. – 64/2026, धारा – 331(4), 305(ए), बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




