ग्राम सोठी में दिव्य दिशा संस्थान की एकदिवसीय जागरूकता कार्यशाला संपन्न …

बिलासपुर (मस्तूरी):दिव्य दिशा संस्थान के तत्वावधान में मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत सोठी में एकदिवसीय सरकारी योजना एवं जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांवों से सैकड़ों महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण और राजकीय गीत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जिला बाल संरक्षण अधिकारी सत्या राठौर, विशिष्ट अतिथि बलराम सोनवानी, श्रीमती गरिमा शर्मा, तथा अति विशिष्ट अतिथि श्रीमती रानू बेगम व श्रीमती आशामणि लकड़ा उपस्थित रहे।
अतिथियों ने शासकीय योजनाओं, संवैधानिक अधिकारों, महिला सशक्तिकरण, बाल स्वास्थ्य और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। संस्था से जुड़ी महिलाओं ने अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव साझा किए, वहीं बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया।
संस्था प्रमुख सुश्री रितु नायक की अध्यक्षता एवं सोमेश कुमार के संचालन में हुए इस सफल आयोजन ने ग्रामीण समाज को अधिकारों और विकास से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त संदेश दिया।




