
बिलासपुर / मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पेंड्री में एक किसान की करंट लगने से हुई मौत ने पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, किसान की मौत कांटेदार तार में दौड़ाए गए बिजली करंट की चपेट में आने से हुई। घटना के बाद सामाजिक परंपरा के तहत मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया था, लेकिन मामला तूल पकड़ने पर शव को दोबारा बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।

बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मस्तूरी थाना प्रभारी के पास पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक यह रिपोर्ट परिजनों को नहीं सौंपी गई है। इस देरी को लेकर परिजन और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिम्मेदार लोगों को बचाने के लिए जानबूझकर कार्रवाई में देरी की जा रही है। न्याय की मांग को लेकर परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मंगलवार को जनदर्शन में भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन की चुप्पी पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।




