वो अधिकारी जी आपका ध्यान किधर है ,अवैध मुरूम खदान खजुरी नवागांव इधर है …

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम खजुरी नवागांव में अवैध खनन का काला कारोबार धड़ल्ले से जारी है। जिस मैदान में कभी गांव के बच्चे खेला करते थे, वह अब प्रशासनिक उपेक्षा के चलते गहरे ‘मौत के कुएं’ में तब्दील हो चुका है। खनन माफियाओं की बेखौफ गतिविधियों से परेशान ग्रामीण अब तंज कसते हुए कहने लगे हैं कि यह मैदान भी पूछ रहा है कि आखिर वह किस ज़ालिम के हत्थे चढ़ गया है!
स्थानीय ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि गांव के ही उदय वासुदेव नामक व्यक्ति द्वारा मुरूम का अवैध उत्खनन कर उसे ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। लगभग 2 किलोमीटर के विस्तृत दायरे में अवैध खुदाई की जा चुकी है, जिससे सरकार को करीब 15 से 20 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति और राजस्व का भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, अवैध रूप से ईंट भट्ठों का संचालन भी किया जा रहा है, जिससे राजस्व एवं वन विभाग को लगातार चपत लग रही है।
लगातार बजरी व मुरूम से लदे भारी वाहनों के आवागमन से गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क की खस्ताहाल स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राहगीर मलबे से होकर अपनी जान जोखिम में डालकर आने-जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की शिकायत सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे वन व राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि खबर उजागर होने के बाद प्रशासन इस अवैध कारोबार पर शिकंजा कसता है या माफियाओं का यह खेल यूं ही निर्बाध चलता रहेगा।




