बिलासपुर

विश्व जल दिवस पर कोपरा जलाशय में पारिस्थितिकी अध्ययन, युवाओं को मिला पर्यावरण संरक्षण का संदेश .

बिलासपुर। विश्व जल दिवस के अवसर पर विकासार्थ विद्यार्थी बिलासपुर महानगर द्वारा कोपरा जलाशय में एक दिवसीय पारिस्थितिकी अध्ययन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को जल स्रोतों, प्रकृति और जैव विविधता के महत्व से परिचित कराना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कोपरा जलाशय की प्राकृतिक संरचना, उसके पारिस्थितिक महत्व और यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बर्ड वॉचिंग, प्रकृति अवलोकन और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि आर्द्रभूमि और जलाशय पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विकासार्थ विद्यार्थी के राष्ट्रीय सह संयोजक श्री इंदीवर शुक्ला ने कहा कि जल, जंगल और जमीन हमारे जीवन और संस्कृति का आधार हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ते प्रदूषण, अतिक्रमण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण जल स्रोतों पर खतरा बढ़ता जा रहा है, ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री श्री हेमांसु कौशिक ने कहा कि इस तरह की अध्ययन यात्राएं विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होती हैं, क्योंकि इससे उन्हें पर्यावरण को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने भी इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि इस अध्ययन से उन्हें प्रकृति के प्रति नई समझ विकसित हुई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने जल स्रोतों और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अद्वित मिश्रा, अतींद्र दीवान, क्षीरसागर, नैतिक नामदेव, मीनाक्षी, सुमन सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page