मस्तूरी में रेलवे ट्रैक किनारे मिली अज्ञात बालिका की पहचान, खैरागढ़ की अपहृत निकली .

बिलासपुर / थाना मस्तूरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे मिली अज्ञात बालिका के शव की पहचान आखिरकार कर ली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मार्च 2026 को एक रेलवे गार्ड ने थाना मस्तूरी पहुंचकर सूचना दी थी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 23/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मर्ग कायम होने के बाद मृतिका की पहचान के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए मृतिका की जानकारी प्रसारित की गई ताकि उसकी पहचान हो सके। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात थाना मस्तूरी के अधिकारियों का संपर्क थाना खैरागढ़ से हुआ। खैरागढ़ पुलिस ने बताया कि उनके यहां अपराध क्रमांक 133/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला दर्ज है, जिसकी हुलिया मस्तूरी में मिली अज्ञात मृतिका से मेल खा रहा है।
इसके बाद 31 मार्च को ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से मृतिका के परिजन तथा खैरागढ़ थाना स्टाफ मस्तूरी पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान अपनी नाबालिग बेटी के रूप में की। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार हेतु गृह ग्राम ठेलकाडीह भेज दिया गया।
फिलहाल, इस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।




