
बिलासपुर। चौकी मल्हार, थाना मस्तुरी क्षेत्र में राहगीर से मारपीट कर नगदी लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पैसे नहीं मिलने पर पीड़ित के साथ बेल्ट और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1400 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त एक बेल्ट जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामप्यारे राय (62 वर्ष), निवासी चौहा, 30 मार्च 2026 की रात करीब 11:50 बजे डगनिया से शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढा और डगनिया के बीच आरोपियों ने उन्हें रोककर पैसों की मांग की और गाली-गलौज करते हुए बेल्ट व हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उनकी कमीज की जेब में रखे 1400 रुपये लूट लिए और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित रातभर मौके पर पड़ा रहा, जिसे सुबह गांव के लोगों ने घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों के साथ चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी के निर्देशन में चौकी मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम चकरबेढा से सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपियों के नाम व पता:
रोशन भंडारी, निवासी चकरबेढा
सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, निवासी चकरबेढा
सुमित दिनकर उर्फ सोमू, निवासी चकरबेढा
मंजेश खूंटे, निवासी चकरबेढा
पुलिस का सराहनीय योगदान:
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी अवधेश सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मनोज राजपूत, आरक्षक किसन राय, श्याम लाल सोनवानी, अभिजीत, विकास अंचल एवं रमेश साहू का विशेष योगदान रहा, जिनकी सक्रियता से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद की गई।



