
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को चार माह बाद प्रयागराज (इलाहाबाद) से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया था और लगातार स्थान बदलकर छिप रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अगस्त 2025 को थाना कोनी में अपराध क्रमांक 365/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के अंतर्गत आरोपी स्वरित सिंह पिता कमलेश्वर सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी गार्डन सिटी मोपका, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अभिरक्षा में रखे जाने के दौरान दिनांक 15 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 4 बजे आरोपी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया।
इस घटना के बाद थाना कोनी में अपराध क्रमांक 371/2025 धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की खोजबीन शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के प्रयागराज में छिपे होने की सूचना मिली। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
स्थानीय पुलिस के सहयोग एवं कोनी पुलिस की कड़ी मेहनत से फरार आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर सुरक्षित अभिरक्षा में बिलासपुर लाया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौरसिया, आरक्षक विजेन्द्र सिंह, आरक्षक उदय पाटले एवं महिला आरक्षक वंदना सोनवानी की सराहनीय भूमिका रही।




