कोर्ट का बड़ा फैसला: चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में पिता-भाई समेत सभी 22 आरोपी बरी …

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के चर्चित कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायालय ने 30 अक्टूबर 2026 को ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त (बरी) कर दिया है। अदालत ने पुलिस की विवेचना और पेश किए गए साक्ष्यों को अपर्याप्त मानते हुए यह फैसला दिया। बचाव पक्ष के वकीलों के अनुसार, पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या के षड्यंत्र को साबित करने में पूरी तरह असफल रही।
संपत्ति विवाद में हत्या का था आरोप
पुलिस की जांच के मुताबिक, 14 दिसंबर 2022 को सकरी बायपास पर संजू त्रिपाठी की कार को रोककर ताबड़तोड़ 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस का दावा था कि संजू और उनके भाई कपिल त्रिपाठी के बीच संपत्ति और विवादित जमीनों के सौदों को लेकर पुराना विवाद था। इसी रंजिश में कपिल त्रिपाठी ने अपने पिता जय नारायण त्रिपाठी और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
यूपी से शूटर बुलाने की थी थ्योरी
पुलिस जांच में आरोप लगाया गया था कि मुख्य आरोपी कपिल त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाए थे और उन्हें सुपारी दी थी। घटना वाले दिन आरोपियों ने अपनी गाड़ियों से संजू की कार का रास्ता रोका और शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। मामले में पुलिस ने कपिल त्रिपाठी, उनके पिता जय नारायण त्रिपाठी, सुचित्रा त्रिपाठी, भरत तिवारी, आशीष तिवारी, प्रेम उर्फ बजरंग श्रीवास सहित कुल 22 लोगों को गिरफ्तार कर आरोपी बनाया था।
ठोस सबूतों के अभाव में मिला संदेह का लाभ
अदालत में लंबी सुनवाई के बाद यह पाया गया कि पुलिस द्वारा प्रस्तुत किए गए साक्ष्य और गवाह हत्या की साजिश और आरोपियों की संलिप्तता को साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं थे। साक्ष्यों में कमी और कमजोर विवेचना के चलते कोर्ट ने सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया।




