बिलासपुर पथराव मुख्य आरोपी सोहेल खान गिरफ्तार,पुलिस ने निकाला जुलूस, राम सिंह ठाकुर फरार …

बिलासपुर में हाल ही में हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहेल खान समेत कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक एयर पिस्टल भी जब्त की है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का संदेश देने के लिए सोहेल खान और उसके साथियों का सरेराह जुलूस निकाला।
शुरुआती दौर में दो पक्षों के बीच हुई इस झड़प को सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई थी। हालांकि, पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि यह घटना किसी सांप्रदायिक तनाव का हिस्सा नहीं, बल्कि दो पक्षों के बीच की आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार मुख्य आरोपी सोहेल खान के खिलाफ पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, इस घटना में शामिल दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। राम सिंह ठाकुर के खिलाफ भी पहले से 7 से 8 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति भंग करने और गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी राम सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।




