
बिलासपुर। एग्री स्टेक पोर्टल पर धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में किसानों ने ऊफेयर पोर्टल में अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है। कई किसानों के खसरा नंबर सफलतापूर्वक जोड़ दिए गए हैं, वहीं कुछ किसानों के खसरा नंबर तकनीकी कारणों से सिस्टम में दर्ज नहीं हो पाए हैं। इसके चलते ऐसे किसानों की परेशानी बढ़ गई थी, लेकिन अब प्रशासन ने इसका समाधान प्रस्तुत किया है।
जिन किसानों के खसरा नंबर पंजीयन के दौरान छूट गए हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपने नजदीकी प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (सोसाइटी) में पहुंचकर तुरंत पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करें। सोसायटी में छूटे हुए खसरा नंबरों का पंजीयन करने के बाद अंतिम स्वीकृति तहसीलदार की लॉगिन आईडी से दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में पंजीयन और खसरा अनुमोदन में काफी सुधार देखने को मिला है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिनका कोई भी खसरा नंबर छूट गया है, वे देर न करते हुए जल्द से जल्द सोसायटी जाकर पंजीयन कराएं, ताकि आगामी धान खरीदी प्रक्रिया में उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।




