छत्तीसगढ़बिलासपुर

न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर बिलासपुर पुलिस का सख्त पहरा, नियम तोड़ने वालों पर एक्शन ..

बिलासपुर / नए साल 2026 के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी की सुबह तक शहर को क्राइम फ्री रखने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी प्लान तैयार किया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है।


नववर्ष के मौके पर बिलासपुर पुलिस द्वारा 100 से अधिक होमगार्ड जवानों और लगभग 800 पुलिस कर्मियों को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात किया गया है। चार-पांच दिनों से अपराधियों, निगरानी बदमाशों और संदिग्ध तत्वों पर सतत नजर रखी जा रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में स्टॉपर लगाकर सघन चेकिंग की जा रही है।


डायल 112, सेक्टर पेट्रोलिंग पार्टी, इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड रडार, ड्रोन कैमरे और ब्रेथ एनालाइजर मशीनों के माध्यम से ट्रैफिक, भीड़ और नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का दावा है कि कहीं से भी सूचना मिलने पर 5 मिनट के भीतर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचेगी।


31 दिसंबर की शाम से होटल, रिसॉर्ट, बार और पार्टी स्थलों पर विशेष पुलिस निगरानी रहेगी। किसी भी होटल या रिसॉर्ट में झगड़ा, मारपीट या कानून व्यवस्था भंग होने की स्थिति में संचालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।


हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन और साइलेंट जोन में शोर करने वालों पर BNS और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी। डीजे संचालन को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी—ओपन एरिया में रात 10:30 बजे और क्लोज एरिया में 12:30 बजे तक ही डीजे बजाने की अनुमति होगी।


एसएसपी रजनेश सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, संयमित व्यवहार करें और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष का स्वागत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page