बिलासपुर में राखी के दिन का बवाल सोहेल खान की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर भी पन्ना से गिरफ्तार …

बिलासपुर। शहर में रक्षाबंधन (28 अगस्त) के दिन उपजे तनाव और पथराव-मारपीट कांड का मुख्य सूत्रधार रामसिंह ठाकुर आखिरकार खाकी के शिकंजे में आ गया है। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना अंतर्गत ग्राम माकरी कुठार में दबिश देकर उसे दबोच लिया। शातिर आरोपी अपने दोस्त धीरेंद्र पटेल के ठिकाने पर पनाह लिए बैठा था। उसके खिलाफ पूर्व से 6 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
निजी रंजिश और दो पक्षों के विवाद को सांप्रदायिक रंग देकर न्यायधानी के शांत माहौल में जहर घोलने की कोशिश करने वाले इस आरोपी की तलाश में पुलिस एक महीने से एड़ी-चोटी का जोर लगा रही थी। कोतवाली थाना क्षेत्र (अपराध क्र. 489/2026) में हुए इस बवाल के बाद फरार आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर पुलिस को चुनौती दे रहा था। उसके बार-बार ठिकाने बदलने और सटीक लोकेशन छिपाने के कारण गिरफ्तारी में देरी हुई, लेकिन पुलिस की तकनीकी सर्विलांस और सटीक रणनीति के आगे उसकी चालाकी पस्त हो गई।
मामले के दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान की पूर्व में गिरफ्तारी कर पुलिस ने शहर में उसका पैदल जुलूस निकाला था। अब एक माह की कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य साजिशकर्ता रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद जनता की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं—क्या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले इस आरोपी का भी सरेराह जुलूस निकाल कर कानून का खौफ कायम किया जाएगा?



