
बिलासपुर / पचपेड़ी थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री पर की गई कार्रवाई में ग्राम कुकुरदीखुर्द निवासी जीवन लाल डांडेकर (पिता – मोहम्मद राम, उम्र 45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 3000 रुपये आँकी गई है। उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान के तहत पचपेड़ी क्षेत्र में अवैध शराब पर निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में 30 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कुकुरदीखुर्द में एक व्यक्ति अवैध देशी महुआ शराब की बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर थाना पचपेड़ी की टीम मौके पर पहुंची और राहगीर गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आरोपी जीवन लाल डांडेकर मौके से पकड़ा गया तथा उसके कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पचपेड़ी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना को दें, ताकि नशे के अवैध प्रसार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




