बिलासपुर

कान के दर्द का इलाज नहीं, हृदय-कलेजे का होता है इलाज… बार-बार आरोपों के घेरे में श्री राम केयर हॉस्पिटल …

बिलासपुर (छत्तीसगढ़): न्यायधानी के अस्पतालों में मरीजों की जान की कीमत शायद सिर्फ चंद रुपयों और आयुष्मान कार्ड के पैसों तक ही सीमित रह गई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
ग्राम ठाकुरदेवा की रहने वाली सुखम बाई साहू को कान में हल्का छेद और दर्द की शिकायत थी। परिजन पहले उन्हें सिम्स (CIMS) ले गए, जहाँ से उन्हें कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का गंभीर आरोप है कि कोनी अस्पताल के डॉ. अभिषेक कुमार ने मरीज को साजिश के तहत प्राइवेट अस्पताल ‘श्रीराम केयर’ भेज दिया। वहाँ डॉ. अमित सोनी (जिन्हें कथित तौर पर सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद प्राइवेट अस्पताल में प्रैक्टिस करते बताया जा रहा है) द्वारा कान के इलाज की जगह महिला के हृदय में ब्लॉकेज बताकर अचानक एंजियोप्लास्टी कर दी गई।
उपचार के नाम पर किए गए इस घातक प्रयोग के बाद महिला ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों ने रविवार को अस्पताल में जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि 1.5 लाख रुपये का आयुष्मान फंड ऐंठने और परिजनों से 10 हजार रुपये ऐंठने के चक्कर में महिला की बलि चढ़ा दी गई।
श्रीराम केयर अस्पताल में यह कोई पहली घटना नहीं है। यहाँ बार-बार मरीजों की संदिग्ध मौतें और परिजनों का रोना-बिलखना आम बात हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की सरपरस्ती के चलते कई परिवारों का दर्द फाइलों में ही दबकर रह जाता है। सबसे बड़ा तीखा सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस तरह के ‘मौत के सौदागर’ अस्पतालों और दलाल डॉक्टरों पर आँखें मूंदकर क्यों बैठा है? क्या सरकारी डॉक्टरों का प्राइवेट अस्पतालों में कट-प्रैक्टिस का यह खुला खेल और कितने बेगुनाहों की जान लेगा? परिजनों ने इस पूरे फर्जीवाड़े और हत्या के समान लापरवाही की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page