बिलासपुर पथराव मामला: सोहेल खान समेत 26 गिरफ्तार, फरार राम सिंह ठाकुर की तलाश जारी …

बिलासपुर: रक्षाबंधन की रात शहर में दो पक्षों के बीच हुए भीषण विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। मामले में मुख्य आरोपी सोहेल खान समेत 20 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसी कड़ी में पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 4 और आरोपियों—अक्षय सिंह, अभय शर्मा, मोहनीश गोस्वामी और सदानंद साहू को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। इसके साथ ही 2 आरोपी की पूछताछ जारी है,आरोपियों की कुल संख्या अब 26 हो गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, एयर पिस्टल और अन्य घातक हथियार जब्त किए हैं। कानून व्यवस्था का खौफ कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहेल खान और उसके साथियों का सरेराह जुलूस भी निकाला।
शुरुआत में इस घटना को दो पक्षों की धार्मिक लड़ाई के रूप में प्रचारित किया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह विशुद्ध रूप से दो आपराधिक गुटों के बीच की आपसी रंजिश थी। मुख्य आरोपी सोहेल खान के खिलाफ पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, इस मामले का दूसरा प्रमुख आरोपी राम सिंह ठाकुर, जिसके खिलाफ भी 7 से 8 गंभीर मामले दर्ज हैं, पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। गिरफ्तार किए गए नए 4 आरोपी राम सिंह ठाकुर के ही साथी बताए जा रहे हैं। फरार राम सिंह ठाकुर लगातार सोशल मीडिया पर नए-नए वीडियो वायरल कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहा है। अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया से चुनौती दे रहे राम सिंह ठाकुर तक पुलिस के हाथ कब तक पहुँचते हैं।




