बिलासपुर

बिलासपुर में शांति समिति की बैठक: 3 सितंबर को निकलेगा भव्य शांति मार्च, प्रशासन ने की सद्भाव की अपील …

बिलासपुर : हालिया घटनाओं के मद्देनजर सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री रजनेश सिंह की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 3 सितंबर को शहर में एक विशाल शांति मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च अपराह्न 4 बजे नेहरू चौक से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से होता हुआ गांधी चौक पर समाप्त होगा। समिति ने सभी समाजों और समुदायों के प्रतिनिधियों से इसमें बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की मूल पहचान शांति और सौहार्द है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि शहर में स्थिति अब पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है।
आगामी तीज-त्योहारों को देखते हुए एसएसपी ने आयोजकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी आयोजन में नशे की हालत में या हथियार लेकर आने वाले व्यक्तियों को प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने कानून हाथ में लेने के बजाय किसी भी भ्रामक सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page