
बिलासपुर : बिलासपुर में होटलों की आड़ में कथित अवैध गतिविधियों पर नगर निगम प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी स्थित एक OYO होटल को सील कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरु गोविंद सिंह मंगलम भवन, मुक्तिधाम चौक मेन रोड (सिरगिट्टी) के पास स्थित ‘यश ब्रदर्स द गोल्डन स्टे’ (OYO होटल) के खिलाफ जिला कलेक्टर को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में होटल में संदिग्ध व अवैध गतिविधियों के संचालन का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और संबंधित प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने होटल के संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में पाया गया कि होटल प्रबंधन के पास जरूरी दस्तावेज पूर्ण नहीं थे। नियमों के उल्लंघन और अपूर्ण दस्तावेजों के आधार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नगर निगम की टीम ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक होटल पर इसी तरह की सीलिंग की कार्रवाई की थी। लगातार हो रही इस सख्ती के बाद से शहर के होटल संचालकों में हड़कंप और हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।




