
बिलासपुर / जिले में बर्ड फ्लू (एच5एन1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र को इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित कर सख्त प्रतिबंध लागू किए गए हैं। आदेश के अनुसार, प्रभावित पोल्ट्री क्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे को इन्फेक्टेड जोन तथा 1 से 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन बनाया गया है।

इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड शामिल हैं, जबकि आसपास के कई वार्डों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में मुर्गी, अंडे सहित सभी पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री, परिवहन, भंडारण और डोर-टू-डोर डिलीवरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने देर रात कोनी क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य, पशुपालन, पुलिस और नगर निगम की टीमों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। संक्रमित पक्षियों की सैंपलिंग, किलिंग (कुलिंग) और सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया वैज्ञानिक तरीके से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में रहने वाले लोगों की जांच और आवश्यक उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं पुलिस को कंटेनमेंट जोन में सख्त निगरानी रखने को कहा गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत दें।




