
बिलासपुर। जूना बिलासपुर क्षेत्र में सोमवार की सुबह लोगों का सब्र आखिर टूट गया। लंबे समय से खराब पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि सड़क की स्थिति महीनों से खराब है, जिससे रोजाना लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, धूल और गड्ढों से चलना मुश्किल हो गया है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें देने के बावजूद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ।
व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण ग्राहकों की आवाजाही पर असर पड़ रहा है, जिससे कारोबार भी ठप होने की कगार पर है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह क्षेत्र बिलासपुर स्मार्ट सिटी योजना का हिस्सा है, फिर भी यहां की सड़कों का हाल बेहाल है। जगह-जगह गड्ढे, टूटी नालियां और धूल भरे रास्तों से गुजरना किसी मुसीबत से कम नहीं है।
जाम के दौरान स्कूली बच्चों और एंबुलेंस तक को आने-जाने में दिक्कतें हुईं। कई घंटे तक सड़क पर अफरातफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद लोगों को शांत कराया गया। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब बिलासपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की बात कही जा रही है, तो जूना बिलासपुर जैसी मुख्य सड़कों की अनदेखी क्यों की जा रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन जनता की इस नाराजगी के बाद कितनी जल्दी इस समस्या का समाधान करता है।




