छत्तीसगढ़बिलासपुर

पुलिस का नाम लेकर धौंस दिखाने वाले कार पार्किंग संचालक पर तोरवा पुलिस की कार्रवाई ..

बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन बिलासपुर के पास संचालित कार पार्किंग में आमजन को पुलिस का नाम लेकर धौंस दिखाने वाले पार्किंग संचालक के विरुद्ध तोरवा पुलिस ने कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 दिसंबर 2025 की सुबह रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कार पार्किंग संचालक राजकुमार उर्फ राजू यादव द्वारा पार्किंग शुल्क एवं पार्किंग की बातों को लेकर आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा था। इस दौरान वह स्वयं को पुलिस से परिचित बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था, जिससे वहां मौजूद नागरिकों में भय और असहजता का माहौल उत्पन्न हो गया।

घटना की शिकायत मिलते ही थाना तोरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि आरोपी द्वारा पुलिस का नाम लेकर आमजन को धमकाया और परेशान किया जा रहा था, जो कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अनुचित है। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार पार्किंग संचालक राजकुमार उर्फ राजू यादव, उम्र 59 वर्ष, निवासी महामाया मंदिर के पास, गणेश नगर चुहचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर (छ.ग.) के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

तोरवा पुलिस द्वारा आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय सिटी मजिस्ट्रेट महोदय के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन को परेशान करने, पुलिस का नाम लेकर रौब दिखाने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि या धमकी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं व्यवस्था बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page