
बिलासपुर। थाना सरकण्डा पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
यह कार्रवाई थाना सरकण्डा में दर्ज अपराध क्रमांक 1804/2025 एवं 1805/2025, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार जिले में लगातार पेट्रोलिंग एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल एवं सीएसपी सिविल लाईन/सरकण्डा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
आरोपियों के नाम:
1 मनोज टण्डन पिता स्व. रतिराम टंडन, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम सेंदरी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
2 शंकर साहू उर्फ दउवा पिता हेमलाल साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी चिंगराजपारा शिव मंदिर के पास, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर।

दिनांक 29.12.2025 को सूचना प्राप्त हुई कि अशोक नगर सरकण्डा तथा कबीर चौक चिंगराजपारा में कुछ युवक धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले राहगीरों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अशोक नगर सरकण्डा में मनोज टण्डन तथा कबीर चौक चिंगराजपारा में शंकर साहू उर्फ दउवा को धारदार चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया एवं उनके पास से पृथक-पृथक धारदार चाकू जप्त किए गए।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। सरकण्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




