बिलासपुर

मुरुम खदान के पानी में मिली किन्नर सागर पासी की खून से लथपथ लाश, हत्या की आशंका …

बिलासपुर: जिले के सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भरनी-परसदा के बीच स्थित विद्युत सब-स्टेशन के सामने मुरुम खदान के गहरे पानी में एक शव तैरता मिला। ग्रामीणों ने जब पानी की सतह पर शव देखा, तो तुरंत इसकी सूचना सकरी थाना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने जब पंचनामा और पहचान की कार्रवाई शुरू की, तो मृतक की पहचान सागर पासी (28 वर्ष), पिता स्व. शंभू पासी के रूप में हुई। जांच में पता चला कि सागर पासी ट्रांसजेंडर था और किन्नर के रूप में रहता था।
परिजनों और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, सागर रविवार दोपहर अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। मंगलवार सुबह उसकी लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मुरुम खदान के पानी में मिली।
मृतक के चेहरे से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान नजर आ रहे थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात आरोपी ने बेरहमी से उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पानी में फेंक दिया होगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स (CIMS) मर्च्युरी भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असल वजहों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल सकरी पुलिस संदिग्धों और अंतिम बार साथ दिखे मित्र से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page