बिलासपुर

जिले में गुंडा बदमाशों पर पुलिस सख्ती, 146 की चेकिंग, 15 पर कार्रवाई .

बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सूचीबद्ध बदमाशों को थानों में तलब कर सघन चेकिंग एवं सत्यापन की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 146 गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई, जबकि 34 निगरानी बदमाशों का सत्यापन किया गया। इस दौरान पुलिस ने उनके वर्तमान गतिविधियों, आवागमन, संपर्कों एवं आय के स्रोतों की गहन जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों। साथ ही, पूर्व में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा कर यह भी देखा गया कि संबंधित आरोपी न्यायालय में नियमित रूप से उपस्थित हो रहे हैं या नहीं तथा उनके खिलाफ कोई वारंट लंबित तो नहीं है।

पुलिस ने सभी बदमाशों को सख्त चेतावनी दी कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान 15 प्रकरणों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 129 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं 3 वारंट भी तामील किए गए। चेकिंग के दौरान अनुपस्थित पाए गए बदमाशों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page