हाईवे पर रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को कुचला, दर्दनाक मौत : ‘ दैनिक भूमि न्यूज’ की अपील ..

बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिर्री माइंस के पास रविवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 52 वर्षीय स्कूटी सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रहंगी निवासी देवेंद्र शर्मा (52 वर्ष) रविवार रात अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान हिर्री माइंस के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही देवेंद्र शर्मा सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस, आरोपी चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार चालक और वाहन का पता लगाया जा सके।
‘दैनिक भूमि न्यूज’ की अपील:
हाईवे पर लगातार बढ़ते हादसे चिंता का विषय हैं। हमारी आप सभी से अपील है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें, हेलमेट/सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और बेहद सावधानी से गाड़ी चलाएं। आपकी थोड़ी सी सतर्कता किसी का घर उजड़ने से बचा सकती है।




