बिलासपुर

सरकंडा में बढ़ता चोरी का खौफ: घर से बाहर निकलते ही हो जाएं सतर्क, वर्ना हो सकती है बड़ी चोरी …

बिलासपुर / स्वतंत्रता दिवस पर जब पूरा शहर सुरक्षा व्यवस्था के दावों में लिपटा हुआ था, ठीक उसी दौरान बेखौफ चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर का है, जहां एक रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित रेलवे लोको पायलट 14 अगस्त की सुबह अपने परिवार के साथ बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता के सिलसिले में भिलाई गए हुए थे। इसी बात का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने शनि मंदिर के पास स्थित उनके मकान पर धावा बोल दिया। चोरों ने मुख्य चैनल गेट का ताला तोड़ा और दरवाजा उखाड़कर अंदर दाखिल हुए।

15 अगस्त की सुबह पड़ोसी की सूचना पर जब पीड़ित आनन-फानन में घर पहुंचे, तो अंदर का नजारा हैरान करने वाला था। बेडरूम की आलमारी और लॉकर टूटे पड़े थे, कपड़े बिखरे हुए थे और लॉकर में रखे सारे कीमती आभूषण गायब थे। चोरी गए सामान में तीन सोने के सेट, डायमंड रिंग, दो मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, चेन, सीताहार और चांदी की पायल-बिछिया समेत कुल 4.50 लाख रुपये से अधिक के गहने शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए चोरों का सुराग लगाने का दावा कर रही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि वीआईपी सुरक्षा और भारी अलर्ट के बीच शहर में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पुलिसिया चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page