भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी करोड़ों की सड़क:कौड़ियों का काम , दावों की खुली पोल .

बिलासपुर । नेहरू चौक से ढेका तक बनने वाली करोड़ों रुपए की सड़क अब लोक निर्माण विभाग (PWD) के भ्रष्टाचार और अफसरों की लापरवाही का नया अड्डा बन चुकी है। जूना बिलासपुर व्यापारी संघ और स्थानीय निवासियों ने जिस सड़क के लिए आंदोलन किए, चक्काजाम किया और लड़ाई खाने की नौबत तक आई, आज उसी सड़क के निर्माण में जमकर ‘लीपापोती‘ की जा रही है।
तस्वीरें साफ बयां कर रही हैं कि दावों के विपरीत, नए डिवाइडर बनाने के बजाय पुराने और टूटे-फूटे डिवाइडर पर ही सीमेंट का लेप लगाकर बजट को ठिकाने लगाया जा रहा है।
मंत्रियों के फरमान ‘हवा’, अफसरों की मर्जी ‘सर्वोपरि
नेताओं के दावों और मंत्रियों के अल्टीमेटम की धज्जियां कैसे उड़ाई जाती हैं, यह बिलासपुर की इस सड़क को देखकर समझा जा सकता है। दिसंबर तक काम पूरा करने की समयसीमा कब की बीत चुकी है, लेकिन कछुआ गति से चल रहा यह काम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। साफ है कि बेलगाम हो चुकी अफसरशाही के सामने मंत्रियों के निर्देश उल्टे साबित हो रहे हैं।
तीखा सवाल: बनने से पहले ही जिस सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हों, वो पहली बारिश का थपेड़ा कैसे झेलेगी? क्या यह जनता के टैक्स के पैसे की सरेआम डकैती नहीं है?




