छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर – एसीबी की बड़ी कार्रवाई, नायब तहसीलदार 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार .

बिलासपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एसीबी के चल रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत की गई।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम बिटकुला निवासी किसान प्रवीण पाटनवार ने 30 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता के नाम दर्ज 21 एकड़ कृषि भूमि की फौती दर्ज कर नामांतरण करने के लिए नायब तहसीलदार ने 1.5 लाख रुपए की मांग की थी। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 1.20 लाख रुपए में सौदा तय किया।

एसीबी ने योजना बनाकर सोमवार को प्रार्थी को पहली किश्त 50 हजार रुपए देने भेजा। आरोपी ने यह रकम एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस में स्वीकार की, तभी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। डीएसपी सिंह ने बताया कि पिछले 1.6 वर्ष में यह एसीबी बिलासपुर की 37वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है। साथ ही आम नागरिकों से रिश्वत संबंधी शिकायतें मोबाइल नंबर 9926111932 और 07752-250362 पर दर्ज कराने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page