
बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने शासकीय भूमि की फर्जी बिक्री कर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बीते आठ माह से फरार था और लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सरकंडा में धोखाधड़ी से संबंधित तीन अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध हैं। अप.क्र. 759/2025 एवं 760/2025 में आरोपी के विरुद्ध धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि तथा अप.क्र. 867/2025 में धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी नदीम अहमद पिता वसीम अहमद उम्र 33 वर्ष, निवासी टिकरापारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शासकीय खास भूमि को निजी बताकर उसकी बिक्री की।
प्रकरण के अनुसार प्रार्थी मोह. आजम खान, कौशिल्या थवाईत एवं संजय कुमार जायसवाल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम खमतराई स्थित भूमि को वैध बताकर उनसे करोड़ों रुपये में सौदा किया गया। बाद में नामांतरण के दौरान तहसील कार्यालय से पता चला कि संबंधित भूमि शासकीय है, जिसकी बिना कलेक्टर की अनुमति खरीदी-बिक्री संभव नहीं है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों को गुमराह किया।
विवेचना के दौरान आरोपी फरार हो गया था। दिनांक 21 जनवरी 2026 को सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




