शक की आग में जला आशियाना:प्रेमी हो जाओ सावधान,अवैध संबंध के शक में की पत्थर से कुचलकर हत्या .

बिलासपुर। कहते हैं शक का कोई इलाज नहीं होता, लेकिन जब यह सनक बन जाए तो हंसती-खेलती जिंदगी को श्मशान बना देता है। बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘वो’ के चक्कर में एक ‘पति’ इस कदर हैवान बना कि उसने एक युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मामला प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका से जुड़ा है, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्यार की आड़ में पनपने वाली नफरत कितनी खौफनाक हो सकती है।
घटना गुरुवार रात की है। ग्राम पथर्रा निवासी 28 वर्षीय निखिल गोस्वामी, जो शहर के एक बार में बाउंसर था और जिम चलाता था, उसे क्या मालूम था कि उसका सुडौल शरीर भी अपनों के दिए धोखे और शक की आग को नहीं झेल पाएगा। निखिल जिम के बाद अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने फिल्मी स्टाइल में पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया।
प्यार का ‘साइड इफेक्ट’ या खूनी रंजिश?
सूत्रों की मानें तो निखिल का इलाके की एक महिला से मेलजोल था। इसी ‘धोखे’ और ‘अवैध संबंध’ के शक में तमतमाए पति ने अपनी मर्यादा भूलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दे डाला।
डॉक्टरों ने सिम्स अस्पताल में निखिल को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचीं एएसपी मधुलिका सिंह और डीएसपी नूपुर उपाध्याय की टीम जांच में जुटी है। इस खूनी खेल ने साफ कर दिया है कि जहां शक और धोखे की एंट्री होती है, वहां कानून का खौफ दम तोड़ देता है।




