
बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार दिनांक 05 जनवरी 2025 को की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोनी पुलिस टीम कांबिंग गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान तुर्काडीह मुख्य मार्ग पर पहुंची थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार क्रमांक CG10 AD 4488 को रोका गया। वाहन चालक एवं उसके साथ बैठे व्यक्ति अत्यधिक शराब के नशे में पाए गए। पूछताछ के दौरान दोनों पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ा।
आरोपियों का विवरण
1 कपिल माथुर, पिता बिरजू राम, उम्र 38 वर्ष, निवासी तुर्काडीह, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
2 सुमित माथुर, पिता घासीराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी तुर्काडीह, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी शराब के नशे में वाहन चला रहे थे, जिस पर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहसबाजी, हुज्जतबाजी एवं विवाद करना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, किंतु आरोपियों ने स्थिति को और उग्र बनाने की कोशिश की।

किसी गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के कृत्यों पर आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




