स्नैपचैट पर बुलाकर मेडिकल छात्र का अपहरण, बिलासपुर के कोनी घाट ले जाकर की पिटाई, तीनों आरोपी गिरफ्तार …

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में स्कूल के दिनों की पुरानी रंजिश को लेकर एक मेडिकल छात्र के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित अरिहंत दीक्षित, जो जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र है, छुट्टी पर बिलासपुर स्थित अपने घर आया हुआ था। पुलिस के अनुसार, पीड़ित और आरोपी पहले डीएवी स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। स्कूल के दिनों में टोपी खींचने और शिक्षकों से शिकायत करने को लेकर आरोपियों के मन में पुरानी खुन्नस थी।
इसी रंजिश के तहत मुख्य आरोपी कृतिक मिश्रा ने स्नैपचैट के जरिए कॉल कर अरिहंत को मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही अरिहंत हीरो शोरूम के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कृतिक मिश्रा, सिद्धी विनायक और आदित्य सरकार ने उसका हाथ पकड़कर उसे जबरन आई-20 कार में बैठा लिया और दरवाजे लॉक कर दिए।
आरोपी उसे कोनी घाट के नीचे सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने लात-घूंसों और कड़े से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने सरकंडा थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




