बिलासपुर में 108 सेवा को मिला विस्तार, 16 नई एम्बुलेंस से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत .

बिलासपुर । जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा में 16 नई एम्बुलेंस शामिल की गईं। इन एम्बुलेंस को जिला कलेक्टोरेट परिसर से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और त्वरित उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, दिलीप लहरिया, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को जनहित में अहम बताया।
नई शामिल 16 एम्बुलेंस में से 3 अत्याधुनिक एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) सिस्टम से लैस हैं। ये एम्बुलेंस चलती-फिरती आईसीयू के रूप में कार्य करेंगी, जिनमें वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑक्सीजन सपोर्ट, डिफिब्रिलेटर सहित जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध हैं। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।
इन एम्बुलेंस को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों जैसे पीएचसी सकरी, सीपत, तोरवा, सीएचसी बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर, कोटा, रतनपुर, सिम्स अस्पताल, जिला अस्पताल, सरकंडा थाना और हाईकोर्ट क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इस विस्तार से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी।




