“पहले चश्मा उतारो फिर देखो, बिलासपुर नगर निगम की असली दुर्दशा हम दिखाएंगे”मेयर के औचक निरीक्षण पर पार्षद बंधु मौर्य का तीखा हमला …

बिलासपुर: नगर निगम बिलासपुर में साफ-सफाई और नदी-नालों के रखरखाव को लेकर सियासत गरमा गई है। हाल ही में महापौर पूजा विधानी द्वारा शहर के नदी-नालों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया था, जिसे स्थानीय पार्षद बंधु मौर्य ने पूरी तरह से “दिखावा” करार दिया है।
पार्षद बंधु मौर्य ने महापौर और निगम प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि महापौर का यह निरीक्षण केवल औपचारिक और बेकार साबित हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अधिकारी और महापौर चश्मा लगाकर जायजा ले रहे हैं, इसलिए उन्हें केवल साफ-सुथरी जगह ही दिखाई दे रही है। अगर सिस्टम की वास्तविक जानकारी लेनी है, तो चश्मा उतारकर हमारे साथ चलिए, हम आपको शहर की सड़कों, नालियों और नदी-नालों की असली दुर्दशा दिखाते हैं।”
मौर्य ने आरोप लगाया कि अधिकारियों और आम नागरिकों के देखने के नजरिए में बड़ा फर्क है। अधिकारियों को सब कुछ ठीक दिखाई देता है, जबकि आम जनता समस्याओं के अंबार से जूझ रही है। उन्होंने निगम के इंजीनियरों पर मनमर्जी से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर जनता की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पार्षद मौर्य ने महापौर को खुली चुनौती दी है कि वे कागजी और चुनिंदा निरीक्षणों को छोड़कर जनप्रतिनिधियों के साथ वार्डों की वास्तविक स्थिति का दौरा करें, ताकि बिलासपुर की जमीनी हकीकत का पर्दाफाश हो सके।




