छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में खनिज विभाग की कार्रवाई, अवैध खनन-परिवहन में 8 वाहन जब्त, सख्त निगरानी जारी..

बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार एवं उप संचालक खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमले ने सिरगिट्टी, सरवानी, काठाकोनी और कपसियाकला क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की पहल की।

कार्रवाई के दौरान पिरय्या क्षेत्र से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक हाइवा और एक जेसीबी को मिट्टी का अवैध उत्खनन और परिवहन करते पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों को थाना सिरगिट्टी और जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है। इसी तरह कपसियाकला क्षेत्र में चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक जेसीबी मुरुम का अवैध खनन करते पाई गईं, जिन्हें थाना कोटा की अभिरक्षा में जमा कराया गया।

कुल मिलाकर आठ वाहनों को खनिज नियमों का उल्लंघन करते हुए जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन पर जिले में सख्त निगरानी रखी जा रही है। खनिज विभाग की टीमें लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण कर रही हैं ताकि खनिज संपदा की चोरी और अवैध दोहन पर पूर्ण विराम लगाया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page