
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत उसलापुर साईं नगर वार्ड नंबर 03 में एक युवक ने जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुणाल कुमार राय (29 वर्ष), पिता सुर्पेश्वर राय, निवासी भागलपुर, भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहा था और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार घटना 10 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। जब शाम तक कुणाल के कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो मकान मालिक और पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने झांककर देखा तो वह फर्श पर पड़ा मिला। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी सामग्री फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुणाल शांत स्वभाव का युवक था और पिछले दो दिनों से कमरे में अकेला था। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




