
बिलासपुर | थाना बिल्हा पुलिस एवं साइबर टीम बिलासपुर की संयुक्त कार्यवाही में गोदाम से चोरी तथा राशन सोसायटी में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मामला थाना बिल्हा क्षेत्र का है, जहां अपराध क्रमांक 523/2025 धारा 331(2), 326(क) भा.न्या.सं. एवं अपराध क्रमांक 634/2025 धारा 305(1), 331(4) भा.न्या.सं. के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अनिश अग्रवाल पिता अनिल अग्रवाल उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 बिल्हा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम गुमा स्थित राइस मिल के कार्यालय में रखी अलमारी से अज्ञात आरोपी द्वारा 1 लाख 55 हजार रुपये नगद एवं एक सैमसंग मोबाइल चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री अनुज कुमार तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री डी.आर. टंडन के निर्देश पर थाना बिल्हा पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा संयुक्त रूप से जांच प्रारंभ की गई। चोरी हुए मोबाइल में संचालित सिम नंबर के आधार पर संदेही की पहचान की गई।
दिनांक 16 दिसंबर 2025 को संदेही रितेश यादव पिता रामायण यादव उम्र 20 वर्ष निवासी झल्फा थाना हिर्री जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने राइस मिल से नगदी व मोबाइल चोरी करने तथा एक माह पूर्व मुढीपार राशन सोसायटी में चोरी के इरादे से घुसकर पैसे न मिलने पर चावल के बोरे एवं चावल को आग लगाने की घटना स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी राशि 10 हजार 600 रुपये एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, शेष राशि खर्च करना बताया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, उप निरीक्षक एस.पी. लहरे, प्रधान आरक्षक रूपेश तिग्गा, देवमुन पुहूप तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े, राजेश यादव एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




