45 डिग्री की तपिश में बिजली संकट, कस्तूरबा नगर में फूटा गुस्सा .

BILASPUR / न्यायधानी बिलासपुर में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचते ही कस्तूरबा नगर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। परेशान रहवासी आज नेहरू नगर स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भारत कश्यप के नेतृत्व में जोरदार घेराव कर जल्द समाधान की मांग की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कटौती के कारण पानी की सप्लाई भी पूरी तरह ठप हो गई है। पीने के पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही, वहीं गर्मी के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है।
नेता प्रतिपक्ष भारत कश्यप ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संकरी गलियों के कारण टैंकर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं बिजली विभाग के अधिकारी बी.बी. नेताम ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर अचानक बढ़े लोड के कारण समस्या आई है, जिसे सुधारने का काम जारी है।
अब बड़ा सवाल यही है कि जब गर्मी में बिजली की मांग बढ़ना तय था, तो क्या विभाग तैयार था?




