सिटी कोतवाली

लूट के इरादे से युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद .

बिलासपुर / थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए युवक की हत्या के मामले का खुलासा किया है। थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 122/2026 धारा 103(1), 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मृतक राजेंद्र सूर्यवंशी (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम नरगोड़ा की हत्या की जांच की जा रही थी।

दिनांक 15 जुलाई 2025 को अरपा नदी चेक डैम के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। बाद में शव की पहचान राजेंद्र सूर्यवंशी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डायटम रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मानव सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों — विकास उर्फ भोले केवट (20 वर्ष) तथा शनि उर्फ छोटू गंधर्व (20 वर्ष) — को हिरासत में लिया। सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार एवं थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे पचड़ी घाट डैम के पास शराब सेवन के बाद लौट रहे थे। वहां मृतक को अकेले बैठे देख उसके पास मोबाइल और नगदी होने की आशंका पर लूट की नीयत से मारपीट की। विरोध करने पर उन्होंने गंभीर हमला किया जिससे वह अचेत हो गया। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आरोपी मोबाइल व नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page