सिम्स अस्पताल से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़: 5 दुपहिया वाहन बरामद, एक आरोपी व 2 नाबालिग गिरफ्तार .

बिलासपुर। शहर के सिम्स अस्पताल परिसर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए एक खरीददार सहित दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 27 जनवरी को सरकंडा थाना के पास चेकिंग के दौरान दो नाबालिगों को नशे की हालत में एक एक्टिवा (CG12-AJ-5669) चलाते पकड़ा गया। ‘सशक्त एप’ से जांच करने पर पता चला कि यह वाहन सिटी कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुआ था।
कड़ाई से पूछताछ करने पर नाबालिगों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सिम्स परिसर और नांदघाट मेला क्षेत्र से कुल 5 वाहन चोरी किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पल्सर, एचएफ डीलक्स और पैशन प्रो समेत अन्य वाहन जब्त किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की एक बाइक को आरोपियों ने मात्र 2000 रुपये में खमतराई निवासी अल्ताफ को बेच दिया था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में अल्ताफ को धारा 317(2) BNS के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों का विवरण:
* खरीददार: अल्ताफ़ उर्फ़ मोमिन, पिता – मोहम्मद आलम (उम्र 37 वर्ष)
* पता: अशोक नगर, मुरूम खदान, खमतराई, सरकंडा, बिलासपुर।
* अन्य आरोपी: 2 अपचारी बालक (उम्र 17 वर्ष और 15 वर्ष)।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर वाहन पार्क करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।




