पुराना बस स्टैंड में चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त कर भेजा जेल .

बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में धारदार चाकू से हमला कर मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त हथौड़ी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुजीत पाण्डेय (26 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को आरोपी अनुराग कश्यप (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 30, पुराना बस स्टैंड, ने पुरानी रंजिश के चलते उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। इस दौरान आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से उसे दौड़ाया।
घटना से बचने के लिए प्रार्थी अपने घर भाग गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और दरवाजे पर लात मारकर हाथ में रखी हथौड़ी से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल (CG10HB9686) में तोड़फोड़ कर फरार हो गया।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 216/26 के तहत धारा 296, 351(2), 333, 324(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और हथौड़ी जब्त कर ली। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




