बिलासपुरसिटी कोतवाली

प्रायवेट वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन लाख की मांग, आरोपी गिरफ्तार .

बिलासपुर / थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रायवेट फोटो-वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी द्वारा पीड़िता से वीडियो वायरल न करने के एवज में 3 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थीया 9 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2021 में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान संतोष कुमार यादव से हुई थी। समय के साथ आरोपी ने पीड़िता के निजी फोटो और वीडियो अपने पास रख लिए और बाद में उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाकर पीड़िता से 3,00,000 रुपये की मांग की जा रही थी, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 14/2026 धारा 308(2) एवं 79 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार यादव पिता महेन्द्र यादव उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम रनई जशपुर (हाल मुकाम बसंत बिहार, सरकंडा, बिलासपुर) को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को जप्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी साइबर ब्लैकमेलिंग या धमकी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page