
बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र के ग्राम भरनी में गुरु घासीदास बाबा की जयंती के अवसर पर 18 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक सतनामी समाज द्वारा तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के दूसरे दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की उपस्थिति को देखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सकरी पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

थाना प्रभारी सकरी श्री विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ द्वारा मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग के समय एक युवक को मेला परिसर में चाकू लेकर उपद्रव करते हुए पाया गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक आशु बघेल पिता राजू बघेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी बाजार चौक, ग्राम अमेरी को मौके पर ही काबू में लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जप्त किया गया तथा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
सकरी पुलिस की समय पर की गई इस कार्रवाई से मेला परिसर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने से पहले ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस की सक्रियता एवं सतर्कता के कारण मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो रहा है।
पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में शांति बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।




