
बिलासपुर। तखतपुर थाना पुलिस ने किराना दुकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई दिनांक 26 दिसंबर 2025 को थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश कुमार साहू पिता स्व. दुजराम, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम जरौंधा ने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने उसकी साहू किराना दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और पान पराग मसाला, सिगरेट एवं बीड़ी के लगभग 45 से 50 पैकेट चोरी कर ले गया। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने अपराध कायम कर विवेचना प्रारंभ की।
मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) को दी गई, जिनके मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही बुधराम जगत पिता भुवन सिंह जगत, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम अमने, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर चोरी गए सामान में से शेष बचे 15 पैकेट राजश्री गुटखा, 15 पैकेट विमल गुटखा केपी हित, 1 पुड़ा जयंती बीड़ी, 5 कट्टा सोल्जर बीड़ी एवं 5 पैकेट चार्म्स सिगरेट, कुल कीमत लगभग 5000 रुपये, जप्त किए गए। आरोपी ने बताया कि कुछ सामान उसने शनिचरी बिलासपुर में बेच दिया था और प्राप्त राशि खर्च कर दी।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तखतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति आमजन में विश्वास मजबूत हुआ




