सिम्स रोड पर ठेले-गुमटी पूरी तरह प्रतिबंधित, जाम से मरीजों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला ..

बिलासपुर: सिम्स अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने मरीजों की सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए सिम्स रोड पर ठेले और गुमटी लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अब इस मार्ग पर किसी भी तरह के अस्थाई व्यवसाय की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
दरअसल, छत्तीसगढ़ इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CIMS) में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज और उनके परिजन आते हैं। सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से ठेले और गुमटियां लगने के कारण अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती थी। इसका सबसे बुरा असर मरीजों को लाने वाली एंबुलेंस पर पड़ता था, जो कई बार जाम में फंस जाती थीं। इससे गंभीर मरीजों की जान पर खतरा बना रहता था।
नगर निगम प्रशासन द्वारा पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद ही दुकानें फिर सज जाती थीं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और सिम्स अस्पताल प्रबंधन ने बुधवार को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया और इस मार्ग को पूरी तरह ‘नो-वेंडर जोन’ घोषित करने का फैसला लिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद दुकानें लगाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर प्रशासन प्रभावित ठेला-गुमटी संचालकों के रोजगार को ध्यान में रखते हुए उनके लिए वैकल्पिक स्थान (वेंडिंग जोन) उपलब्ध कराने की तैयारी भी कर रहा है, ताकि अस्पताल के आसपास यातायात व्यवस्था भी सुचारु रहे और उनका रोजगार भी प्रभावित न हो।




