
बिलासपुर। सेंट्रल यूनिवर्सिटी (CU) में हॉस्टलर छात्र की मौत के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। घटना को लेकर छात्र संगठन NSUI ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के महासचिव लक्की मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी पहुंचे और सुरक्षा एजेंसी सहित कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जैसे ही आंदोलित छात्र यूनिवर्सिटी परिसर में प्रवेश करने पहुंचे, प्रशासन ने गेट पर पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को भीतर जाने से रोक दिया, जिसके बाद NSUI कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही शांति पूर्वक धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्र नेता लक्की मिश्रा ने कहा कि यह हादसा यूनिवर्सिटी प्रशासन की सीधी लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम रही, जिससे छात्र की जान चली गई। उन्होंने कहा कि NSUI तब तक आंदोलन जारी रखेगा, जब तक सुरक्षा एजेंसी के संचालक पर कार्रवाई नहीं की जाती और कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल इस्तीफा नहीं देते।
मिश्रा ने कहा कि यूनिवर्सिटी को ऐसे कुलपति की जरूरत नहीं है जो छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित न कर सके। CU को ऐसे कुलपति की आवश्यकता है जो वास्तव में छात्र हितों में कार्य करें। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने रातभर हॉस्टल में कड़ी निगरानी रखी और छात्रों को परिसर से बाहर निकलने से रोकने की कोशिश की। बावजूद इसके NSUI ने गेट पर प्रदर्शन जारी रखकर प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया।




