बिलासपुर

तेज रफ्तार कार अरपा नदी में गिरी, इलाके में मचा हड़कंप, डॉक्टर गंभीर रूप से घायल .

बिलासपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर व्यू इलाके में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे अरपा नदी में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय क्षेत्र में सड़क और विकास कार्य चल रहा था, जिसके चलते सड़क की स्थिति काफी असुरक्षित बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक CG 10 AT 4851 तेज गति से रिवर व्यू मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार फिसलते हुए पुल के पास से अरपा नदी में जा समाई। कार चला रहे व्यक्ति पेशे से डॉक्टर बताए जा रहे हैं, जिन्हें हादसे में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और रेस्क्यू में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद घायल डॉक्टर को कार से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।


सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार के साथ-साथ निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर सुरक्षा बैरिकेड और चेतावनी संकेतों की कमी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page