
बिलासपुर। चौकी बेलगहना थाना कोटा पुलिस ने जबरदस्ती चंदा वसूली और मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामला अपराध क्रमांक 1021/25 धारा 296, 351(2), 115(2), 119(2) एवं 3(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को ग्राम छतौना में आरोपी आनंद राम भानु एवं उसके साथी अजय भानु द्वारा प्रार्थी अशोक कुमार तिवारी से लड़की नाचा कार्यक्रम के नाम पर जबरदस्ती पैसे की मांग की गई। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए हाथ-मुक्का एवं चूड़ा से मारपीट की। घटना की रिपोर्ट पर चौकी बेलगहना थाना कोटा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना के बाद से दोनों आरोपी अपने निवास स्थान से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। दिनांक 16 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी आनंद राम भानु अपने घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी अजय भानु के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी आनंद राम भानु पिता स्वर्गीय सुराज सिंह भानु, उम्र 38 वर्ष, निवासी छतौना, चौकी बेलगहना, जिला बिलासपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में हत्या, मारपीट एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, सह-आरोपी अजय भानु घटना दिनांक से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।




